Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बुडापेस्ट: परी कथाओं वाले नगर जैसा आभास

हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट एक बेहद खूबसूरत शहर है, इतना खूबसूरत कि इसे परी कथाओं वाला नगर कहना अतिशयोक्तिपूर्ण नहीं होगा। डैन्यूब नदी इसे दो हिस्सों बुडा और पेस्ट में बांटती है। इन दोनों हिस्सों को इस नदी के ऊपर बने अनेक पुल जोड़ते हैं। इन दोनों हिस्सों के बीच कई पुलों से आ-जा सकते हैं, लेकिन सबसे शानदार है चेन ब्रिज। बुडापेस्ट में आपको पैदल घूमने में काफी मजा आएगा। यहां की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी इतनी सरल और सुविधाजनक है कि अनेक लोगों को अपने निजी वाहनों का इस्तेमाल करने की जरूरत ही नहीं पड़ती। इस शहर में देखने के लिए एक से बढ़कर एक कई स्थल हैं।

बुडा कैसल यह यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित है। पहले यह रॉयल पैलेस हुआ करता था। इसका परिसर बहुत विशालकाय है और यहां से शहर के बड़े सुंदर नजारे दिखाई देते हैं। अगर आप महल के अंदर स्थित संग्रहालयों में जाना चाहते हैं तो इसके लिए टिकट लेना होगा। रात के समय महल को रोशनी से सजाया जाता है, जिससे यह किसी जादुई दृश्य जैसा लगता है।

सेंट स्टीफन बेसिलिका इसका इंटीरियर्स अत्यंत भव्य है। मुख्य गुंबद के अलावा झूमर भी शानदार हैं। हर रविवार की प्रार्थना के दौरान बजता ऑर्गन दिल को छू जाता है। दर्शनार्थियों को प्रार्थना के दौरान मोबाइल से रिकॉर्डिंग की अनुमति है, लेकिन यदि आप बैठकर प्रार्थना में भाग ले रहे हैं तो मोबाइल का प्रयोग वर्जित है। एक निश्चित शुल्क पर आप बेसिलिका की छत तक भी जा सकते हैं और वहां से शहर का मनोरम दृश्य देख सकते हैं।

गेलर्ट हिल यह शहर की सबसे ऊंची जगहों में से एक है। सूर्यास्त के समय यहां का नजारा अत्यंत मोहक होता है और यदि आप यहां थोड़ी देर और रुक सकें तो शहर की जगमगाती लाइट्स आपको किसी परी-कथा जैसे दृश्य का आभास कराती हैं। इस पहाड़ी पर सबसे ऊपर एक लिबर्टी स्टैच्यु है। ऊपर का दृश्य देखने, खरीदारी करने और कुछ खाने-पीने के बाद आप घुमावदार रास्ते से नीचे उतरकर ट्रॉम से वापस शहर जा सकते हैं। फिशरमैन बास्टियन

इस स्थान को हंगेरियन की 1000वीं वर्षगांठ की याद में बनाया गया था। यह ऊंचाई पर स्थित एक शानदार इमारत है। इसमें सेंट मैथियास चर्च भी है। परिसर के अंदर दुकानें, रेस्तरां और होटल भी हैं। यहां से शहर का दृश्य बहुत ही शानदार दिखाई देता है।

संसद भवन डैन्यूब नदी के किनारे स्थित संसद भवन दिन में तो भव्य लगता ही है, रात को यहां के नजारे और भी खूबसूरत हो जाते हैं। आप नदी के किसी भी किनारे पर टहलते हुए इसे निहार सकते हैं। अगर आप अंदर जाकर संसद भवन देखना चाहते हैं तो इसके लिए टिकट लेना पड़ता है।

हीरोज स्क्वायर इस स्क्वायर की पहचान इसके मिलेनियम मॉन्यूमेंट से होती है और इसके आसपास का माहौल उत्सव जैसा होता है। हीरोज स्क्वायर के पास ही वाजदाहुन्याद कैसल स्थित है। पास में बने पार्क में टहलते हुए आप दोनों स्थान देख सकते हैं और साथ ही वहां की स्केटिंग रिंग का भी आनंद ले सकते हैं।

मार्गरेट आइलैंड यह एक सुंदर पार्क है जो पेड़ों और फूलों से घिरा है। यह डैन्यूब नदी के किनारे स्थित है। आप नदी के करीब जाकर वहां से संसद भवन की झलक पा सकते हैं। यह स्थान स्थानीय लोगों में काफी लोकप्रिय है, जो यहां सैर, जॉगिंग या वक्त बिताने के लिए आते हैं। डैन्यूब नदी पर रिवर क्रूज डैन्यूब नदी पर बोटिंग विकल्प उपलब्ध है और यदि आप सूर्यास्त के समय जाएं तो अनुभव और भी खास हो जाता है। इस दौरान आप कई प्रमुख इमारतों के पास से गुजरते हैं और पानी पर से उन्हें देखना एक अलग ही पर्सपेक्टिव देता है। सेहंजी थर्मल बाथ बुडापेस्ट में कई थर्मल बाथ हैं, लेकिन इसे सबसे खूबसूरत माना जाता है। इसमें संगमरमर से बने कई बाथ रूम्स हैं, जिनमें प्राकृतिक गर्म पानी के झरने से पानी आता है। इसके अलावा बाहर भी एक खूबसूरत गर्म पानी वाला स्विमिंग पूल है। यह अनुभव विस्मरणीय होता है।

जून से नवंबर का समय आदर्श बुडापेस्ट में गर्मी का मौसम (जून से अगस्त) बहुत गर्म नहीं होता है, जबकि शरद ऋतु (सितंबर से नवंबर) बहुत ही खूबसूरत होता है। इसलिए वहां जून से नवंबर के बीच जाया जा सकता है। हालांकि सर्दियां यहां काफी ठंडी होती हैं। इसलिए इस मौसम में जाना अवॉइड करना चाहिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ