Header Ads Widget

Responsive Advertisement

CM बोले- इस साल 1 लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे:गणतंत्र दिवस समारोह में कहा- ​​​​​​​नर्मदा परिक्रमा पथ, कॉरिडोर का अद्भुत विकास करेंगे

देश आज गणतंत्र दिवस की 74वीं वर्षगांठ मना रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। CM ने जबलपुर में तिरंगा फहराया। यहां CM ने घोषणा करते हुए कहा कि नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा

राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया।

उज्जैन में महाकाल का विशेष श्रृंगार हुआ। तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में भगवान के मस्तक पर तिरंगे से श्रृंगार किया गया। नंदी ने भी तीन रंगों के वस्त्र धारण किए। भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया गया।

जबलपुर में मुख्यमंत्री ने कहा, भारत प्राचीन और महान राष्ट्र है। हजारों साल पुराना इतिहास हमारा है। जब दुनिया के विकसित राष्ट्रों में सभ्यता का सूर्य उदय नहीं हुआ, तब हमारे यहां वेदों की रचना हो गई थी। दुनिया को ज्ञान, प्रेम, आत्मीयता का संदेश भारत ने दिया। मुझे बचपन याद आ रहा है। तब हम एक गाना सुनते थे- कल का हिंदुस्तान जमाना देखेगा...। आज मैं कह रहा हूं कि कल यह गीत था, आज गर्व के साथ कहता हूं कि कल का यह गीत आज जमाना देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा है। भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।

मुख्यमंत्री के भाषण की प्रमुख बातें...

रोजगार पर बोले
नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले भी बनें...

सामाजिक समरसता के साथ सभी वर्ग के कल्याण के मंत्र के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं। इस साल एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की भर्ती की जाएगी। मैं चाहता हूं कि सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं, बेटे-बेटियां अपना रोजगार भी शुरू करें। हमारा संकल्प है कि गांव में रहने वाली बहनों की भी आय ₹10000 महीना होनी चाहिए। बच्चों आप नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें, इसलिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना है। स्टार्टअप के लिए एक करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी।

शिक्षा पर कहा

गांव में सीएम राइज स्कूल बना रहे, बच्चे बस से स्कूल पढ़ने आएंगे...

देश आजाद हुआ, अंग्रेज चले गए, लेकिन अंग्रेजी बनी रही। जब दूसरे देश अपनी भाषा में उच्च शिक्षा की व्यवस्था कर सकते हैं, तो हम क्यों नहीं? मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया और मेडिकल व इंजीनियरिंग की पढ़ाई की हिंदी में शुरुआत की। गांवों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 20 से 25 किमी के दायरे में सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। बेहतर इंफ्रॉस्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लास, लैब, लाइब्रेरी और प्ले ग्राउंड यहां सब होगा। बच्चे बस से स्कूल पढ़ने आएंगे। हमने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना बनाई, अब मैं इस योजना का विस्तार कर रहा हूं। अब किसी भी कारण से अगर किसी बच्चे के माता-पिता नहीं है, तो यह सरकार की जिम्मेदारी होगी कि उन बच्चों के आवास और शिक्षा दीक्षा की व्यवस्था करे।

प्रदेश के विकास पर

मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा...

मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रति कर रहा है। हमारी विकास दर सतत बढ़ रही है, कृषि में हमारे किसानों ने चमत्कार कर दिया है। वादा करता हूं कि मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा। मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत है। प्रचलित दरों पर हिंदुस्तान में सबसे तेज विकास की दर हमारे प्रदेश की है। देश की अर्थव्यवस्था में कभी प्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत होता था, जो बढ़कर 4.6 फीसदी हो गया है। इंदौर में आयोजित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में भारत सहित विश्वभर से आए उद्योगपतियों ने ₹15.42 लाख करोड़ से अधिक के निवेश की घोषणा की है। यह उद्योग पूरे मध्यप्रदेश सहित महाकौशल क्षेत्र में भी आएंगे।

जबलपुर के लिए

औद्योगिक क्षेत्र बसाया जाएगा...

संस्कारधानी जबलपुर में यह बताते हुए मुझे प्रसन्नता है कि एक औद्योगिक क्षेत्र जबलपुर में भी बसाया जाएगा। यहां गारमेंट्स और टेक्सटाइल की यूनिट बनेगी, रहवासी प्लॉट्स भी होंगे, यहां होटल, हॉस्पिटल और मॉल के लिए भी जगह होगी। एक ग्लोबल स्किल पार्क राजधानी भोपाल में बन रहा है। दूसरा स्किल पार्क संस्कारधानी जबलपुर में बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में ध्वजारोहण किया।

बिजली पर कहा

हम सौर ऊर्जा से भी बिजली बनाएंगे...

हमारा संकल्प है कि  हर घर सोलर पैनल लगे और धीरे-धीरे घर की जरूरत की बिजली घर में ही बनने लगे। पानी, बिजली, सड़क या शिक्षा हो, मध्यप्रदेश बेहतर कार्य कर रहा है। बिजली के क्षेत्र में मध्यप्रदेश सरप्लस स्टेट बन रहा है। अब कोयले और पानी से ही नहीं, हम सौर ऊर्जा से भी बिजली बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ हैं। ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।

किसान और पुलिस के लिए
नक्सलवाद को ध्वस्त किया, किसान की बेहतरी के लिए भी काम...

मैं आज अपने पुलिस के मित्रों को भी बधाई देना चाहता हूं। कानून और व्यवस्था बेहतर बनी रहे, इसके लिए उन्होंने अथक परिश्रम किया है। हमने नक्सलवाद को ध्वस्त किया है। ऐसे 6 नक्सली जिन पर 1.30 करोड़ से ज्यादा के इनाम थे, वे मार गिराए हैं। हम किसान की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। दो साल में फसल बीमा योजना में ₹17 हजार करोड़ किसानों के खाते में हमने डाला है। अलग-अलग योजनाओं की ₹2 लाख 25 हजार करोड़ की राशि किसानों के खाते में डाली गई है।

हेल्थ सेक्टर पर कहा
7 मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं...

मध्यप्रदेश की धरती पर कोई गरीब बिना आवास के नहीं रहेगा। अभी हमने टीकमगढ़ में 10500 और सिंगरौली में 25000 से ज्यादा लोगों को प्लॉट दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेजों की श्रृंखला हमने प्रारंभ की। 7 मेडिकल कॉलेज खुल चुके हैं, बाकी पर काम चल रहा है। हमारा संकल्प स्मार्ट विलेज है। गांव में बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति का संकल्प हमने लिया है।

प्रधानमंत्री की तारीफ

PM मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा...

प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक नेतृत्व में भारत प्रगति के पथ पर गतिमान है। कोविड-19 के संकट काल में मोदी जी ने न सिर्फ भारतवासियों के जीवन की रक्षा की, बल्कि भारत ने स्वयं वैक्सीन तैयार की और कई देशों को भेजी भी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा है।

जबलपुर के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ पौधरोपण किया।

इन जिलों में मंत्री ने किया ध्वजारोहण
गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया में, पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव सागर में, जल-संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट इंदौर में ध्वजारोहण करेंगे। इसी तरह, वन मंत्री विजय शाह खंडवा में, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मंदसौर में, खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर में, खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया शिवपुरी, जनजातीय कार्य और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री मीना सिंह मांडवे उमरिया में, कृषि मंत्री कमल पटेल हरदा में, राजस्व और परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत दमोह में, खनिज और श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह पन्ना में, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग विदिशा में, स्वास्थ्य मंत्री मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी रायसेन में झंडा फहराया।

पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सिसौदिया गुना में, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर में, पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल बड़वानी में, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा नीमच में, पर्यटन, संस्कृति और अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर देवास में, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया भिंड में ध्वजारोहण किया।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग रतलाम में, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव धार में, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह श्योपुर में, स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार शाजापुर में, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री राम खेलावन पटेल सतना, आयुष (स्वतंत्र प्रभार) राम किशोर कांवरे बालाघाट में, पीएचई राज्य मंत्री बृजेंद्रसिंह यादव अशोकनगर में, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ मुरैना में, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया निवाड़ी में ध्वजारोहण किया।

इन जिलों में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
खरगोन, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, आगर-मालवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, छतरपुर, टीकमगढ़, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और डिंडौरी जिले में कलेक्टर ने ध्वजारोहण किया।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ