Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पन्ना जिले में कुंआताल मेला महोत्सव का किया शुभारंभ

 

भोपाल : सोमवार, अप्रैल 11, 2022

400 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के बनौली के माँ कंकाली मंदिर को ऐतिहासिक और धार्मिक स्थान बताया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों पर माता कंकाली का आशीर्वाद सदैव बना रहे। माँ की कृपा और चमत्कार अद्भुत है। माता के दर्शन कर मेरा जीवन धन्य हो गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह बात पवई विकासखण्ड के ग्राम बनौली में कुंआताल मेला महोत्सव के औपचारिक शुभारंभ पर कही।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 2 साल बाद कुंआताल मेला का वृहद स्वरूप में आयोजन होना गौरव की बात है। इसके लिए सभी को शुभकामनाएँ।  उन्होंने कहा कि सभी सुखी और निरोग हों, सबका कल्याण हो, माता कंकाली की कृपा सब पर बनी रहे, ऐसी कामना है। उन्होंने कंकाली माई से कोरोना की चौथी लहर न आए, इसके लिए प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बेहतर प्रबंधन के साथ देश में नागरिकों का व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीब बेटियों के विवाह के लिए 21 अप्रैल से दोबारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना शुरू होगी। बेटियों के विवाह के लिए 55 हजार रूपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने जिला कलेक्टर को कुंआताल परिसर में गरीब बेटियों के विवाह आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ और तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेटी भी देवियों का रूप हैं। माँ, बहन और बेटी की इज्जत करने से ही देश सुखी और खुशहाल होगा। लाड़ली लक्ष्मी योजना में अब तक 43 लाख बेटियों का पंजीयन किया गया है। बेटियों के कल्याण के लिए अन्य योजनाएँ भी संचालित की जा रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों के मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज सहित आईआईटी, आईआईएम जैसी संस्थाओं में प्रवेश पर फीस भरने की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि माँ और बहनों पर गलत नजर रखने वाले अपराधियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। गुंडे और बदमाशों के विरूद्ध भी कार्यवाही कर उनके घर और अचल संपत्ति को सख्ती से हटाया जाएगा। दुश्मनों का नाश  और जनता का उद्धार होगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण  और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना में गरीब जनता को नियमित रूप से खाद्यान्न प्रदान करने की प्रभावी व्यवस्था की गई है। पात्रता पर्ची से वंचित गरीब व्यक्तियों के नाम सूची में जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आर्थिक रूप से संपन्न लोगों से नाम हटवाने के लिए  भी कहा गया है। उन्होंने राशन माफिया पर कड़ी कार्यवाही के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीब व्यक्तियों को बुनियादी सुविधायुक्त पक्के मकान की सौगात देने के लिए इस बार बजट में 10 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। आगामी 3 साल तक हर साल 10 लाख आवास बनाए जाएंगे। आयुष्मान भारत योजना में गरीब परिवार 1 साल में 5 लाख रूपये तक का इलाज करवा सकता है। मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से भी जरूरतमंदों के उपचार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए अब तक अलग-अलग योजनाओं में 1 लाख 72 हजार करोड़ रूपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। किसानों के गेहूँ निर्यात की व्यवस्था भी की गई है, जिससे किसानों को उचित कीमत मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पवई विधायक श्री प्रह्लाद लोधी की मांग पर वाइल्ड लाइफ बोर्ड और शासन स्तर से जरूरी स्वीकृति के बाद पतने बहुउद्देशीय परियोजना पर काम शुरू करने, तकनीकी साध्यता के बाद बाँध और पॉवर हाउस की स्वीकृति, सिमरिया में 132 के.व्ही. के पॉवर स्टेशन और रैपुरा एवं तेंदूघाट परियोजना के सर्वे की बात कही। शाहनगर में सिविल कोर्ट की स्थापना के लिए प्रयास करने का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पवई विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से पेयजल पहुँचाने की कार्य-योजना बनाई गई है। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, स्थानीय सीमेंट प्लांट में क्षेत्र के बेरोजगारों को नौकरी में प्राथमिकता देने के लिए सीमेंट प्रबंधन से चर्चा के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कुंआताल तालाब के गहरीकरण और सौन्दर्यीकरण के निर्देश भी दिए। नागरिकों से जल-संरचनाओं के निर्माण में भागीदारी, बेटियों के सम्मान और पौध-रोपण का संकल्प भी दिलाया।

सांसद श्री व्ही.डी शर्मा ने कहा कि कुंआताल मेला और कंकाली माता मंदिर लोगों की आस्था का प्रतीक है। इसे हमेशा अक्षुण्ण बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की गई हैं। साल 2003 में 7 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता के स्थान पर अब 42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से सिंचाई क्षमता में बढ़ोत्तरी होगी और बुन्देलखण्ड हरा-भरा तथा समृद्ध बनेगा। सांसद श्री शर्मा ने ग्रामीणजन से जलाभिषेक अभियान में भागीदारी की अपील की और पन्ना में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी।  खनिज साधन एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जिले की मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या -पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की। अतिथियों द्वारा मुख्यमंत्री को पन्ना जिले में "एक जिला-एक उत्पाद'' में चयनित आंवले का पौधा भेंट किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 404 करोड़ रूपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया।

इस अवसर पर पवई विधायक श्री प्रह्लाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविराज यादव सहित अन्य जन-प्रतिनिधि, कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। संचालन श्री संजय सिंह परिहार और आभार प्रदर्शन विधायक श्री लोधी द्वारा किया गया।

इसके पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान का बनौली हैलीपैड पहुँचने पर जन-प्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल पहुँचने के पूर्व माँ कंकाली के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मंदिर निर्माण कार्य और कुंआताल मेला आयोजन के संबंध में जानकारी ली।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ