संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा और आईजी श्री राकेश गुप्ता ने शहर का भ्रमण कर स्थिति का लिया जायजा*
इंदौर 16 अप्रैल 2022
इंदौर संभाग के खरगोन में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। खरगोन में आज कर्फ्यू में दो अलग-अलग समय पर कुल 4 घंटे की ढील दी गई। इस दौरान स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। छूट के दौरान लोगों ने अपनी जरूरतों की सामग्री की खरीदारी की।
संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा एवं आईजी श्री राकेश गुप्ता खरगोन में ही रहकर स्थिति पर पूरी तरह नजर रखे हुए हैं। संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि आज कर्फ्यू में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 3 से शाम को 5 बजे तक की छूट दी गई। छूट के दौरान स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य रहने पर कल रविवार को छूट की अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
संभागायुक्त डॉ. शर्मा ने कलेक्टर सुश्री अनुग्रहा पी. तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसानी कार्य के सर्वे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों से मुलाकात की और नुकसानी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सर्वे कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वह नुकसानी का वास्तविक आंकलन करें। कोई भी प्रभावित सर्वे से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि सर्वे कार्य के लिए राजस्व और अन्य विभागों के अमले को जवाबदारी दी गई है। वह मौके पर पहुंचकर सर्वे का कार्य कर रहे हैं। अगर किसी को समस्या है तो वह तहसीलदार श्री योगेंद्र सिंह मौर्य के मोबाइल नंबर 94253-44101 पर संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ