Header Ads Widget

Responsive Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के जन्मदिन की पार्टी:मंत्री सिलावट ने पूर्व मंत्री पटवारी के साथ कटवाया केक, कांग्रेसियों के बीच में रहे

 

लंबे समय बाद पुराने साथियों के बीच मंत्री सिलावट। - Dainik Bhaskar
लंबे समय बाद पुराने साथियों के बीच मंत्री सिलावट।

कांग्रेस से भाजपा में आए मंत्री तुलसी सिलावट करीब डेढ़ साल बाद वयोवृद्ध कांग्रेस नेता पं. कृपाशंकर शुक्ला के जन्मदिन की पार्टी में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के साथ केक कटवाया। फिर कुछ मिनिट अपने पुराने कांग्रेस साथियों के साथ रहे। हालांकि इस दौरान बिल्कुल सामान्य बातें हुई और वे तुरंत वहां से चले गए। हालांकि यह एक व्यक्तिगत आयोजन था लेकिन इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं हैं।

दरअसल, शनिवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पं. शुक्ला के जन्मदिन का आयोजन एमटीएच के पास स्थित गुलरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में रखा गया था। इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, नगर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल सहित कई कांग्रेसी इसमें शामिल हुए। इसके कांग्रेसी शुक्ला को एक वाहन में ढोल ढमाके के साथ स्वागत करते हुए मंदिर परिसर आए। इस दौरान मंत्री तुलसी सिलावट भी वहां पहुंचे। उन्हें देख कांग्रेसियों को आश्चर्य हुआ। इस बीच सिलावट पहले पूर्व मंत्री पटवारी से गले मिले और शुक्ला को बधाई देने के साथ उनसे आशीर्वाद लिया।

कुछ ही देर में सिलावट व पटवारी ने साथ में शुक्ला के साथ जन्मदिन का केक कटवाया। फिर दोनों ने उनका मुंह मीठा कराया और साथ में फोटो खिंचवाएं। इस मौके पर पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने शुक्ला के राजनीितक जीवन की प्रशंसा की और कहा कि पं. शुक्ला राजनीति की पाठशाला नहीं बल्कि यूनिवर्सिटी है। कई नेताओं ने उनसे राजनीति के गुर सीखे हैं। बहरहाल, केक काटने के बाद सिलावट कुछ मिनिट ही रहे और वहां से रवाना हो गए। खास बात कि पार्टी में भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन ने भी पं. शुक्ला की मुक्तकंठ प्रशंसा की। सत्तन के अलावा भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व नगर अध्यक्ष प्रमोद टंडन भी शामिल हुए। बहरहाल, कार्यक्रम निजी था लेकिन राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय जरूर है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ