Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मुंबईकरों को CM की चेतावनी:उद्धव बोले- मुंबई में हैवी ट्रैफिक देखकर शॉक हूं मैं, अगर ऐसा ही रहा तो हार्ड लॉकडाउन लगाना होगा

 

CM उद्धव ठाकरे सोमवार को मुंबई मेट्रो के फेज-2 का उद्घाटन करने के लिए कांदिवली हाईवे पर आकुर्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। - Dainik Bhaskar
CM उद्धव ठाकरे सोमवार को मुंबई मेट्रो के फेज-2 का उद्घाटन करने के लिए कांदिवली हाईवे पर आकुर्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई की सड़कों पर भारी ट्रैफिक को लेकर सोमवार को चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अगर यह स्थिति ऐसी ही बनी रही तो राज्य में फिर से हार्ड लॉकडाउन लगाना पड़ेगा। CM ठाकरे ने कहा कि मैने कल रात जो भाषण किया था, आज उसकी जांच की। आज मुंबई में भारी वाहनों की आवाजाही देखकर मैं स्तब्ध रह गया। मैं सोच रहा था कि क्या मैंने कल रात प्रतिबंध हटाए जाने के बारे में कुछ कहा, लेकिन मैंने ऐसा नहीं कहा है। अगर यह (यातायात) जारी रहा, तो कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो मुंबई में सख्त प्रतिबंध लगाना होगा। ठाकरे बांद्रा में दो मेट्रो लाइन के ट्रायल परिचालन और एलिवेटेड रोड के भूमिपूजन के मौके पर बोल रहे थे।

ठाकरे ने कहा कि इनके पूरा हो जाने के बाद, ये परियोजनाएं कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई के बीच मुंबई की गति को और तेजी प्रदान करेंगी। महाराष्ट्र सरकार ने प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन की तरह के प्रतिबंधों को 15 जून तक बढ़ा दिया है। सरकार ने कहा था कि ऑक्सीजन बिस्तर की उपलब्धता और संक्रमण दर को देखते हुए इसमें छूट दी जाएगी।

मुंबई में अब 7 से 2 बजे तक खुलेंगी दुकानें

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ऐलान के बाद 15 दिनों तक बढ़ाए गए लॉकडाउन को लेकर BMC ने गाइडलाइन जारी की है।

  • मुंबई में सभी आवश्यक दुकानें जिन्हें वर्तमान में सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच खोलने की अनुमति है, उन्हें सुबह 7 से दोपहर 2 बजे के बीच खोलने की अनुमति दी गई है।
  • इसके अलावा, मुंबई में सभी ई-कॉमर्स, आवश्यक वस्तुओं के साथ गैर-आवश्यक वस्तुओं की डिलीवरी भी अब कर सकेंगे।
  • गैरजरूरी सामान की शॉप दिन के अनुसार खुलेंगी. दाएं ओर की शॉप सोमवार-बुधवार और शुक्रवार को खुलेंगी जबकि बाएं ओर की शॉप मंगलवार-गुरुवार को खुलेंगी।
  • यह क्रम हर हफ्ते बदलेगा यानी जो शॉप इस हफ्ते सोमवार-बुधवार और शुक्रवार को खुली थीं, वे अगले सप्‍ताह मंगलवार और गुरुवार को खुलेंगी। गैरजरूरी सामान की शॉप्‍स वीकेंड यानी शनिवार-रविवार को बंद रहेंगी।
सोमवार को मुंबई की सड़कों पर इतना ट्रैफिक रहा कि जाम लग गया।
सोमवार को मुंबई की सड़कों पर इतना ट्रैफिक रहा कि जाम लग गया।

CM ने 20 किलोमीटर के मेट्रो रूट का उद्घाटन किया
मेट्रो लाइन 2A और 7 यानी तकरीबन 20 किलोमीटर के लिए मुंबई में मेट्रो का विस्तार सेामवार को पूरा हुआ। CM उद्धव ठाकरे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। यह मेट्रो दहिसर से डीएननगर और दहिसर से अंधेरी वेस्ट के रूट पर चलेगी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने कांदिवली हाईवे पर आकुर्ली रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

इससे पहले दहिसर से गोरेगांव पूर्व तक की मेट्रो लाइन पर पहले फेज में ट्रायल शुरू किया गया था। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) आयुक्त आर ए राजीव के मुताबिक 4 महीने ट्रायल चलेगा उसके बाद सभी सुरक्षा मानकों के परीक्षण के बाद अक्टूबर महीने से आम जनता इसमें सफर कर सकती है।

‘मुंबई इन मिनिट्स’ का सपना हो रहा साकार
MMRDA आयुक्त आर ए राजीव ने बताया कि शुरुआत में दो मेट्रो के बीच का अंतर आधा घंटे का होगा। जब ट्रेन की संख्या बढ़ेगी तो यह अंतर कम होता जाएगा। ये दोनों रुट की मेट्रो शुरू होने के बाद मुंबई में मेट्रो का जाल और फैलाया जाएगा। फिलहाल मुंबई में अंधेरी से घाटकोपर, इसी एक रूट में मेट्रो चल रही है।

जब अन्य रूट्स में भी मेट्रो चलने लगेगी तो कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी और जहां पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लगते हैं, वहां वो बीस मिनट लगा करेंगे और मुंबई इन मिनिट्स का सपना अब जल्द साकार होगा।

इस तरह वाहनों की कतार देखकर CM उद्धव ठाकरे ने हार्ड लाकडाउन लगाने की चेतावनी दी।
इस तरह वाहनों की कतार देखकर CM उद्धव ठाकरे ने हार्ड लाकडाउन लगाने की चेतावनी दी।

13 लाख लोगों को होगा इसका फायदा
मेट्रो 2-A और मेट्रो 7 शुरू होने से अंधेरी से दहिसर पट्टी के इलाकों के 13 लाख यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। 2026 तक मुंबई मेट्रो के सभी तय प्रोजेक्ट्स पूरे होने का प्रस्ताव है। इससे मुंबई महानगर प्रदेश परिसर में सर्किल टाइप का मेट्रो मार्ग तैयार होगा।

1 करोड़ यात्रियों को यात्रा कराने का लक्ष्य
ऐसा अंदाज है कि 2031 तक मेट्रो से 1 करोड़ यात्री सफर करेंगे। प्रत्येक मेट्रो ट्रेनें 6 कोच की हैं। कोच में 52 लोग बैठकर सफर कर सकते हैं और 328 लोग खड़े होकर सफर कर सकते हैं। इस तरह एक ट्रेन में 2280 यात्री सफर कर सकते हैं।

12 हजार करोड़ का निवेश
मुंबई मेट्रो के इस प्रोजेक्ट में करीब 12 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। इनमें से 6 करोड़ अब तक खर्च हो चुके हैं। आज जो ट्रायल रन किया गया, इसे मार्च में ही किया जाना था। कोरोना संकट की वजह से काम में देरी हो गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ