Header Ads Widget

Responsive Advertisement

पत्नी को दुल्हन के जोड़े में मायके से ले गया, दोस्त के साथ क्लच वायर से गला घोंटा

 

आरोपी पति नरेश और रितिका
  • दो साल के बेटे को शव के पास सोता छोड़ पति थाने पहुंच बोला- गलती हो गई
  • तीन साल पहले अफेयर के दौरान गर्भवती होने पर दबाव में की थी शादी, पत्नी ने लगा रखा था दहेज प्रताड़ना का केस

एक प्यार भरी दास्तान का दर्दनाक अंत हाे गया। दहेज प्रताड़ना का केस लगा चुकी पत्नी रितिका (22) काे पति नरेश राठौर (25) ने पहले दुल्हन की तरह तैयार कराया। मंगलवार रात 10 बजे द्वारकापुरी स्थित ससुराल से दो साल के बेटे निखिल के साथ पत्नी को बाबूलाल नगर स्थित घर ले गया। वहां शराब पी और फिर पत्नी से लड़ता रहा। आवाज सुनकर रात 3 बजे नीचे रहने वाला दोस्त विक्रम (26) भी वहां आ गया। फिर दोनों ने क्लच वायर से रितिका का गला घोंट मार डाला।

बेटे को शव के पास सोता छोड़ दोनों आजाद नगर थाने पहुंचे। बोले- साहब गलती हो गई। रितिका सालभर से मायके में ही रह रही थी। नरेश की नेमावर राेड पर ट्रांसपोर्ट कंपनी है। विक्रम वहीं मुलाजिम है और नरेश का किरायेदार है।

पति बोला- समझाने लाया था, झगड़ा बढ़ा तो मार डाला
नरेश का कहना था कि पत्नी ने दहेज का केस लगा रखा था। मंगलवार रात को उसे समझाने के लिए मायके से अपने घर लाया था। खाना खाते वक्त विवाद शुरू हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि दाेनाें गालियां देने लगे, फिर मारपीट हुई। विवाद सुन विक्रम आया तो झगड़ा और बढ़ गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर गला घोंट दिया।

सास का आरोप- शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित करने लगा था दामाद
रितिका की मां अहिल्या गोस्वामी ने बताया कि नरेश के पिता कांटाफोड़ में नेता हैं। 2016 में वह पढ़ाई के लिए इंदौर आया, द्वारकापुरी में रहने लगा। इसी दौरान अफेयर हुआ। तीन साल पहले रितिका को तीन माह का गर्भ ठहरा। नरेश के परिजन 10 लाख देकर मामला रफा-दफा करना चाहते थे, लेकिन पुलिस का दबाव बना तो जुलाई 2017 में नरेश ने रितिका से शादी कर ली। 2018 में बेटा हुआ। फिर नरेश उसे प्रताड़ित करने लगा। इस पर रितिका ने केस करा दिया।

राजीनामा करने की बात कहकर पहले भी रितिका को कई बार ले गया था
रितिका की मां के मुताबिक, नरेश राजीनामा करने का कहकर रितिका को तीन-चार बार अपने साथ ले जा चुका था। मंगलवार रात 9 बजे नरेश ने फोन लगाकर रितिका को शादी के जोड़े में तैयार होने को कहा। वह तैयार हुई। 9.30 बजे नरेश आया। मैंने कहा- रात बहुत हो गई है। यहीं रुक जाओ। वह नहीं माना। बुधवार सुबह 11 बजे आजाद नगर पुलिस ने हमें रितिका की हत्या की सूचना दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ