Header Ads Widget

Responsive Advertisement

ऐसा है नवागत कलेक्टर आशीषसिंह का विजन इंदौर: ट्रैफिक सुधार, नदी शुद्धिकरण व सीसीटीवी से 100 प्रतिशत निगरानी

 

कलेक्टर आशीष सिंह शहर की ट्रैफिक समस्या को सुधारने पर गंभीर हैं। उन्होंने इसे अपनी प्राथमिकता में रखा है। इसके साथ ही कान्ह-सरस्वती नदी शुद्धिकरण और शहर की निगरानी पर भी जोर देंगे। शहर में हर जगह जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाकर सिटी सर्विलांस काे पुख्ता करने का प्रयास करेंगे। जिला पंचायत सीईओ के बाद निगमायुक्त की भूमिका निभा चुके आइएएस आशीष सिंह इस बार कलेक्टर बनकर आए हैं। पत्रिका से चर्चा में उन्होंने शहर विकास, लोगों की समस्याएं हल कर सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने और शासन को योजनाओं को पूरा करने पर भी फोकस की बात कही है। उनसे बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल: ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए किस तरह की प्लानिंग करेंगे?
जवाब: ट्रैफिक की परेशानी दूर करने के लिए काफी प्रयास हो रहे हैं। नए ब्रिज बन रहे हैं, जिन्हें तय समय में पूरा कराया जाएगा। जहां जाम लगता है, उन स्थानों को चिन्हित कर हल निकालेंगे। योजनाबद्ध तरीके से सभी को साथ लेकर काम करेंगे।
सवाल: मुख्य मार्गों पर पार्किंग की समस्या है, इसका क्या हल होगा?
जवाब: सड़क से गाडि़यां हटाने के लिए पार्किंग का विकल्प देना जरूरी है। मुख्य मार्गों से लगी जमीनों को चिन्हित कर वहां सार्वजनिक पार्किंग बनाई जाएगी। कुछ जगह मैकेनाइज्ड पार्किंग की व्यवस्था भी करेंगे।
सवाल: कान्ह-सरस्वती नदी शुद्धिकरण के लिए सालों के प्रयास का असर नहीं दिख रहा। शुद्धिकरण की क्या प्लानिंग रहेगी?
जवाब: मुख्यमंत्री ने नदी शुद्धिकरण पर जोर दिया है। उनकी मंशानुसार योजना बनानी शुरू कर दी है। नदी में गंदा पानी रोकने के लिए काम होगा। कार्ययोजना बना रहे हैं, जिसका असर जल्द दिखेगा।
सवाल: शहर की कई मुख्य सड़कोंं का निर्माण अधूरा है, इस पर किस तरह काम करेंगे?
जवाब: पश्चिमी रिंग रोड को पूरा करना प्राथमिकता में रहेगा। यहां काफी समय से काम रुका है। परेशानियां दूर कर पश्चिमी रिंग रोड को पूरा किया जाएगा। अन्य सड़कों पर भी इसी तरह काम होगा।
सवाल: शहरवासियों की समस्या का हल हो, उन्हें सुविधाएं मिलें, यह काम कैसे होंगे?
जवाब: लोगों की समस्याएं हल करने के लिए सिस्टम बनाएंगे। यह भी सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों को मिले। शहर की निगरानी व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जन भागीदारी से काम होगा। पूरे शहर में लोगों की मदद लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने व उनकी निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी, ताकि भय मुक्त माहौल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ