Header Ads Widget

Responsive Advertisement

इंदौर में भगवान के साथ भक्तों ने खेली होली:5 क्विंटल गुलाब, गेंदा, मोगरे की पंखुड़ियों से महका रणजीत हनुमान का दरबार, जय रणजीत के लगे जयकारे

इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर में शनिवार को फाग उत्सव मनाया गया। भक्तों ने 5 क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों से भगवान के साथ होली खेली। दोपहर डेढ़ बजे से फाग उत्सव की शुरुआत हुई। ढ़ाई से तीन हजार भक्त इसमें शामिल हुए। मंदिर में जय रणजीत के जयकारों के साथ भक्तों ने भगवान के साथ ही एक-दूसरों पर फूलों की पंखुड़ियों की ‌वर्षा की, गुलाल लगाया। चलिए आपको बताते हैं, फाग उत्सव में क्या कुछ हुआ...

रणजीत हनुमान मंदिर में शुरुआत से ही फाग उत्सव की परंपरा चली आ रही है। इस परंपरा का निर्वहन हर साल किया जाता है। पहले फाग उत्सव छोटे पैमाने पर मनाया जाता था। मगर मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ने के साथ ही इस उत्सव को भी धूमधाम से मनाया जाने लगा। शनिवार होने से मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों का आना रहता है। दोपहर में होने वाली आरती में भी हजारों भक्त शामिल हुए और धूमधाम के साथ फाग उत्सव मनाया।

भक्तों ने भगवान के साथ जमकर खेली फूलों की होली।
भक्तों ने भगवान के साथ जमकर खेली फूलों की होली।

5 क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों से खेली होली

मंदिर के पुजारी पं. दीपेश व्यास ने बताया कि शनिवार को मंदिर में फाग उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। मंदिर में दोपहर की आरती के पहले ही बड़ी संख्या में भक्तों का आना शुरू हुआ। मंदिर परिसर के अंदर बने हॉल में भक्तों की जमावड़ा लगा। भगवान की आरती के बाद फाग उत्सव की शुरुआत हुई। फाग उत्सव के लिए विशेष रुप से 5 क्विंटल फूलों की पंखुड़ियों लाई गई। इत्र की खुशबू और फूलों की महक से पूरा मंदिर परिसर महक उठा। गुलाब, गेंदा और मोगरे के फूलों की पंखुड़ियों से भक्तों ने भगवान के साथ होली खेली। बड़ी संख्या में भक्त भगवान के साथ होली खेलते नजर आए। मंदिर में अद्भुत भक्ति का माहौल देखने को मिला। एक तरफ जहां चारों तरफ फूलों की पंखुड़ियां उठाई जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ बाबा के भक्त जय रणजीत के जयकारे लगा रहे थे। ढोलक की थाप ने इस माहौल को और भी भक्तिमय कर दिया। जिसे भी देखो वह बाबा की भक्ति में लीन नजर आया।

50 से ज्यादा भक्तों ने संभाली व्यवस्था

फाग उत्सव में भक्त मंडल के 50 से ज्यादा सदस्यों ने यहां की व्यवस्था संभाली। मंदिर में आने वाले भक्तों को मंदिर में ही फूलों की पंखुड़ियां दी। शनिवार को रणजीत हनुमान का भव्य श्रृंगार किया गया। दोपहर में आरती के बाद फाग उत्सव की शुरुआत हुई। भगवान की भक्ति का आनंद लेते भक्तों का उत्साह देखते ही बना। भक्त मंडल के सदस्य भी फाग उत्सव का जमकर आनंद लेते नजर आए।

28 फरवरी को भी मनेगा फाग उत्सव

पं. दीपेश व्यास ने बताया कि फाल्गुन महीने में परंपरानुसार फाग उत्सव मनाया जाता है। आगामी 28 फरवरी यानी मंगलवार को भी मंदिर में फाग उत्सव मनाया जाएगा। मंगलवार को होने वाला फाग उत्सव सुबह व शाम दोनों वक्त मंदिर परिसर में मनाया जाएगा। उस वक्त भी मंदिर में फूलों की पंखुड़ियों से होली खेली जाएगी। मंगलवार को भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में फूल बंगला भी सजाया जाएगा। जिसकी तैयारियां की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ