Header Ads Widget

Responsive Advertisement

कार्यक्रम तय:खालसा स्टेडियम के बजाय अब चिमनबाग में रुकेगी भारत जोड़ो यात्रा, प्रियंका को भी न्योता

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब 26 नवंबर को जिले में प्रवेश कर इंदौर में 27 को पहुंचेगी। - Dainik Bhaskar

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब 26 नवंबर को जिले में प्रवेश कर इंदौर में 27 को पहुंचेगी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब 26 नवंबर को जिले में प्रवेश कर इंदौर में 27 को पहुंचेगी। इंदौर में यात्रा का रात्रि विश्राम अब खालसा स्टेडियम के बजाय चिमनबाग मैदान पर होगा। देर रात एडिशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी ने इसकी अनुमति जारी कर दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी को भी यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा है। एकाध दिन में इसकी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

पार्टी की ओर से सोमवार रात जारी कार्यक्रम के अनुसार, राहुल 26 नवंबर को संविधान दिवस पर महू में बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद ड्रीम लैंड चौराहे पर नुक्कड़ सभा करेंगे। रात्रि विश्राम दशहरा मैदान महू में ही होगा। 27 नवंबर को सुबह 8 बजे यात्रा राऊ पहुंचेगी।

शाम 6.30 बजे राजबाड़ा पर सभा होगी। इसके पश्चात चिमनबाग में रात्रि विश्राम होगा। 28 को यात्रा का साप्ताहिक ब्रेक होगा। इस दिन कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया है। 29 को फिर यात्रा शुरू होकर सांवेर की तरफ बढ़ेगी। जयपुर के कवि संपत सरल इसमें शामिल होंगे। वे तराना में होनेे वाली नुक्कड़ सभा का हिस्सा बनेंगे। यहां से यात्रा उज्जैन व आगर-मालवा होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ेगी।

इंदौर के विशिष्ट जन को जोड़ने की कोशिश

यात्रा में शहर के विशिष्टजनों को भी जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए सूची तैयार की गई है, जिसमें हर विधा के प्रमुख लोगों के नाम हैं। इनसे संपर्क कर राहुल से संवाद के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

तीन जगह संभावनाएं तलाशी, आखिर में चिमनबाग तय हुआ

दशहरा मैदान- तिब्बती मार्केट लगने वाला है। एक आयोजन भी है। यहां के लिए आवेदन ही नहीं किया।

वैष्णव स्कूल: यहां दो स्कूल संचालित हैं। सीबीएसई स्कूल होने से दो दिन की छुट्‌टी नहीं कर सकते थे। 80 बसें पहले से रहती हैं। ट्रस्ट पार्किंग आदि के लिए जगह देने को सहमत था, लेकिन कांग्रेस ने दो दिन के लिए जगह मांगी थी इसलिए बात नहीं बन पाई।

खालसा स्टेडियम- खालसा स्टेडियम में प्रकाश पर्व पर कीर्तनकार ने नेताओं की उपस्थिति पर नाराजगी जताई थी। पहले यात्रा का विश्राम यहीं होना था, लेकिन विवाद के बाद छोड़ दिया।

  • तीनों के बाद शहर के मध्य में चिमनबाग मैदान ही विकल्प था। हालांकि सीएम राइज स्कूल होने से दूसरे कार्यक्रम की इजाजत नहीं है, लेकिन विशेष परिस्थिति में मंजूरी दी गई।

पं. मिश्रा की कथा पर रस्साकशी, खींचतान से टला राहुल का आना
क्षेत्र क्रमांक 1 विधायक संजय शुक्ला द्वारा आयोजित पं. प्रदीप मिश्रा की कथा में राहुल गांधी शामिल होंगे या नहीं इसे लेकर नेताओं में खींचतान जारी है। कार्यक्रम में फिलहाल इसे शामिल नहीं किया गया है, लेकिन पूरी कोशिश की जा रही है कि राहुल कुछ देर शामिल हो सकें। इसके लिए धार्मिक आयोजन व भारी भीड़ होने का तर्क दिया जा रहा है। ऐसे ही पुराने कार्यकर्ता राहुल को शहर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन की सीढ़ियां चढ़ते देखना चाहते हैं। इसका भी आमंत्रण दिया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम पर संशय जगह बदलने से बढ़ी उलझन
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इंदौर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम में इसकी जगह अभी भी खालसा स्टेडियम ही लिखी गई है, लेकिन पिछले दिनों प्रकाश पर्व पर नेताओं की मौजूदगी को लेकर हुए विवाद के बाद इसके आसार कम ही नजर आ रहे हैं। अभी कलाकार आदि भी तय नहीं हो पाए हैं। इसका जिम्मा पूर्व मंत्री मुकेश नायक को सौंपा गया है। उनका कहना है कि एकाध दिन में इस पर फैसला कर लेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ