Header Ads Widget

Responsive Advertisement

आज शाम को दिखेगा चंद्र ग्रहण:ईटानगर में करीब 2 घंटे, दिल्ली में 50 मिनट और मुंबई में सिर्फ 18 मिनट का ग्रहण

आज (8 नवंबर) शाम साल का आखिरी चंद्र ग्रहण होगा। देश के पूर्वी भाग में पूर्ण और बाकी शहरों में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा। अगले साल 2023 में कुल चार ग्रहण होंगे। इनमें दो सूर्य और दो चंद्र ग्रहण रहेंगे, लेकिन देश में सिर्फ एक आंशिक चंद्र ग्रहण ही दिखेगा। इसलिए, आज चंद्र ग्रहण देखने का मौका न छोड़ें। ये ग्रहण चंद्रोदय के साथ ही दिखने लगेगा। ईटानगर में शाम 4.23, दिल्ली में 5.28 और मुंबई में 6.01 से चंद्र ग्रहण शुरू होगा जो कि 6.19 बजे तक रहेगा।

उज्जैन की जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र गुप्त के मुताबिक चंद्र ग्रहण देश के पूर्वी भाग कोलकाता, कोहिमा, पटना, पुरी, रांची, ईटानगर के आसपास के शहरों में पूर्ण चंद्र ग्रहण और शेष भारत में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखेगा। जहां पूर्ण ग्रहण होगा, वहां चंद्रमा लाल दिखेगा। शाम 4.23 बजे से अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखने लगेगा। चंद्र ग्रहण 6.19 बजे खत्म होगा। इसके बाद उपछाया चंद्र ग्रहण शुरू होगा और ये 7.26 बजे तक रहेगा।

www.timeanddate.com वेबसाइट के मुताबिक न्यूयॉर्क में 8 नवंबर को वहां के समय अनुसार तड़के 3.02 से ग्रहण शुरू होगा, सुबह 5.16 से पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखेगा और सुबह 6.41 पर ग्रहण के साथ ही चंद्रमा अस्त हो जाएगा। इस समय भारत में दोपहर के 4.11 बज रहे होंगे। इसके बाद भारत में चंद्रोदय के साथ ही ग्रहण दिखना शुरू हो जाएगा।

पेसिफिक एरिया में भारतीय समय अनुसार दोपहर 1.31 बजे से उपछाया चंद्र ग्रहण शुरू होगा, इसके बाद 2.38 बजे से आंशिक ग्रहण की शुरुआत होगी। 3.46 बजे से 5.11 बजे तक पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखेगा। 6.19 पर आंशिक ग्रहण खत्म होगा। इसके बाद 7.26 बजे तक उपछाया चंद्र ग्रहण खत्म होगा। पेसिफिक में 5 घंटे 54 मिनट और अमेरिका में 3 घंटे 39 मिनट का चंद्र ग्रहण रहेगा।

ग्रहण का सूतक शुरू, मंदिरों में पूजा नहीं होगी

ग्रहण का सूतक सुबह 5.38 बजे से शुरू हो गया है। चंद्र और सूर्य ग्रहण के 9 घंटे पहले इसका सूतक शुरू हो जाता है। इस दौरान कोई धार्मिक कार्य नहीं किया जाता है। मंदिरों में पूजा नहीं होती। घर में भी पूजन-पाठ नहीं किए जाते हैं। खाने की चीजों में तुलसी पत्र डालकर रखे जाते हैं। इसके पीछे वैज्ञानिक कारण है कि सूर्य या चंद्र ग्रहण से पहले ही इनसे अल्ट्रावाइलेट किरणें ज्यादा निकलने लगती हैं, जो हमारे खाने-पीने की चीजों पर असर डालती हैं।

भारत में दिखने वाला अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को
अगले साल 20 अप्रैल को सूर्य ग्रहण होगा। 5 मई 2023 को उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा, इसकी धार्मिक मान्यता नहीं है। 14 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण होगा। ये तीनों ग्रहण भारत में नहीं दिखेंगे। 28 अक्टूबर को आंशिक चंद्र ग्रहण रहेगा। ये देश में दिखेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ