Header Ads Widget

Responsive Advertisement

आज सांवेर-देपालुपर जनपद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव:सांवेर में रामकन्या निर्विरोध घोषित होंगी, कांग्रेस के गढ़ देपालपुर में भी भाजपा मजबूत

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गुरुवार को सांवेर और देपालपुर जनपद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन होगा। खास बात यह कि सांवेर जनपद में पहले ही स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। इस जनपद में अध्यक्ष के रूप में भाजपा समर्थित रामकन्या चौहान निर्विरोध चुने जाने की स्थिति में है और सिर्फ घोषणा बाकी है। यहां सिर्फ उपाध्यक्ष का चुनाव होना है। देपालपुर जनपद के 25 वार्डों में भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या 18 है। ऐसे में भाजपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों पदों की जीत के लिए निश्चिंत हैं जबकि कांग्रेस के लिए इस जनपद पर कब्जा करना असंभव सा है।

सुबह इन दोनों जनपदों में इन दोनों पदों के लिए सुबह 10.30 बजे से निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस बार सांवेर जनपद में भाजपा शुरू से ही मजबूत है। इस जनपद में अध्यक्ष पद एसटी महिला के लिए है। जनपद के 25 वार्डों में से भाजपा के 18 पर भाजपा समर्थित हैं। इनमें से एसटी महिला के लिए सिर्फ एक ही सीट (वार्ड 17) है जिस पर भाजपा समर्थित रामकन्या चौहान सदस्य है जिसके चलते वह निर्विरोध चुनी जाएगी। संभवत: वह प्रदेश की ऐसी जनपद महिला अध्यक्ष होगी जो निर्विरोध घोषित होगी। यहां उपाध्यक्ष पद में नामों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कांग्रेस विधायक विशाल पटेल के गढ़ में भाजपा को बहुमत

उधर, देपालपुर जनपद अध्यक्ष पद इस बार सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। इस जनपद के 25 वार्डों में से 16 पर भाजपा व 8 वार्डों में कांग्रेस समर्थित व एक पर निर्दलीय है। जनपद में सामान्य महिला के 7 वार्ड हैं। इनमें वार्ड 5 में कौशल्याबाई तंवर, वार्ड 6 में अनिता ठाकुर व वार्ड 8 में कृष्णा पटेल, वार्ड 14 में योगिता नागर व वार्ड 16 में धन्नुबाई यादव हैं और ये पांचों ही भाजपा से जुड़ी हैं। वार्ड 11 भी सामान्य महिला वार्ड है जहां से कांग्रेस की सौदराबाई तंवर काबिज हुई है। वार्ड 13 सामान्य वार्ड है जिस पर निर्मला तंवर हैं। वह भी कांग्रेस से जुड़ी हैं। इसके अलावा 6 सामान्य वार्ड हैं जिनमें से चार वार्डों में सामान्य वर्ग की महिलाएं चुनाव जीती हैं। इनमें वार्ड में 3 रेखा चौधरी (कांग्रेस), वार्ड 17 में प्रेम बाई पटेल (भाजपा), वार्ड 22 में इंद्राबाई पंवार (भाजपा) व वार्ड 24 में सुशीला पंवार हैं। इस जनपद में भी भाजपा को बहुमत (16) है लेकिन सामान्य महिला वर्ग से दावेदार ज्यादा हैं इसलिए अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में ही घमासान है। चूंकि भाजपा के पास ज्यादा बहुमत है इसलिए उसका ही अध्यक्ष बनना तय है लेकिन नाम को लेकर अभी गोपनीयता बरकरार है।

चारों जनपद अध्यक्ष भाजपा के खाते में

इसके पूर्व बुधवार को महू जनपद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन हुए। इसमें अध्यक्ष सरदार मालवीय तथा उपाध्यक्ष पद पर बीरबल जग्गू निर्वाचित हुए। ऐसे ही इंदौर जनपद में अध्यक्ष विश्वजीत सिसोदिया (कान्हा) जीते जो भाजपा समर्थित है जबकि उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी चुने गए जो कांग्रेस समर्थित है। चूंकि सांवेर में अध्यक्ष भाजपा समर्थित रामकन्या चौहान निर्विरोध की स्थिति में है इसलिए यह सीट भी भाजपा के खाते में है जबकि देपालपुर में भले ही अभी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का नाम फाइनल नहीं हुआ लेकिन यहां 25 में से 16 पर भाजपा समर्थितों का कब्जा होने से यह जनपद भी भाजपा के ही खाते में जाने के आसार हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ