Header Ads Widget

Responsive Advertisement

दूर के दर्शन:साढ़े 3 अरब साल से भी पुराने पर्वत दुनिया में आज भी हैं मौजूद, पढ़ें ऐसी ही 8 पर्वतशृंखलाओं के बारे में

  • पर्वत पृथ्वी के मुकुट होते हैं। भव्य एवं दुर्गम शिखरों से सुसज्जित इन किरीटरूपी पर्वतों के सौंदर्य पर मनुष्य सदा मुग्ध हुआ करते हैं। ज़ाहिर है, रचना जितनी सुंदर हो, उतना ही समय उसके निर्माण में व्यय होता है।
  • प्रकृति ने भी हज़ारों नहीं, वरन करोड़ों वर्ष का समय इन संरचनाओं को ढालने में लगाया है। आज भी ढाल ही रही है। लिहाज़ा, इस बार दुनिया के कुछ ऐसे ही प्राचीन पर्वतों पर दूर से एक दृष्टि डालते हैं।

1. माखोंज्वा पर्वतश्रेणी

दक्षिण अफ्रीका में स्थित यह पर्वतश्रेणी 3.6 अरब वर्ष प्राचीन है जिसे बार्बर्टन ग्रीनस्टोन बेल्ट के नाम से भी जाना जाता है। इस श्रेणी की अधिकतम ऊंचाई समुद्री सतह से 1800 मीटर है। वर्ष 1875 में दक्षिण अफ्रीका में पहली बार सोना यहीं से प्राप्त हुआ था। वर्ष 2018 में इस पर्वतश्रेणी को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया।​​​​​​

2. वाटरबर्ग पर्वतशृंखला

दक्षिण अफ्रीका के लिम्पोपाे राज्य में यह पर्वतमाला वाटरबर्ग बायोस्फेयर में मौजूद है। यह पर्वतमाला 2.7 अरब वर्ष प्राचीन है। यह 150 किमी लम्बी है तथा कुछ-कुछ चोटियों की ऊंचाई 2 हज़ार मीटर तक भी चली गई है। करोड़ों वर्ष तक नदियों ने इन चट्‌टानों को तराशा तथा इनमें पाषाणयुगीन मनुष्य ने आश्रय पाया था।

3. हेमर्सले पर्वतमाला

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में 460 किमी लम्बी यह पर्वतमाला 3.6 अरब वर्ष पुरानी है जिसकी औसत ऊंचाई 450-550 मीटर है। 1861 में फ्रांसिस टी. ग्रेगोरी नामक एक खोजी सर्वेयर ने उन्हें आर्थिक सहायता देने वाले एडवर्ड हेमर्सले के नाम पर इस पर्वतमाला को मौजूदा नाम दिया। 1249 मीटर ऊंचा मेहेरी पर्वत इसकी सबसे उच्च चोटी है।

4. गुआना पहाड़ी क्षेत्र

एंजल
एंजल

दक्षिण अमेरिका में अमेज़न के उत्तर में स्थित इन पहाड़ियों का निर्माण लगभग 2 अरब साल पहले हुआ था। इस टेबलनुमा पहाड़ी को स्थानीय पेमन भाषा में तेपुई कहते हैं जिसका अर्थ है ‘देवताओं का निवास’। इसी पर्वतश्रेणी की एक अन्य चोटी उयनतेपुई में विश्व का सबसे ऊंचा जलप्रपात एंजल फॉल स्थित है जो कि 979 मीटर की ऊंचाई से गिरता है।

5. ब्लैक हिल्स

अमेरिका स्थित 1.8 अरब वर्ष पुरानी ये पहाड़ियां देवदारों के गहरे रंग के कारण दूर से काली दिखाई पड़ती हैं इसलिए इन्हें ये नाम दिया गया है। ये पहाड़ियां ब्लैक हिल्स नेशनल फॉरेस्ट का हिस्सा हैं। इसका सर्वाेच्च बिंदु 2208 मीटर ऊंचे ब्लैक एल्क पहाड़ पर है। इनके दक्षिणी भाग में रशमोर पर्वत स्थित है जिस पर अमेरिका के चार राष्ट्रपतियों के चेहरे उत्कीर्ण हैं।

6. अरावली पर्वतमाला​​​​​​​​​​​​​​

670 किमी लम्बी प्राचीन अरावली पर्वतमाला दिल्ली से लेकर गुजरात तक फैली है। गुरु शिखर 1722 मीटर ऊंचाई के साथ इसकी सबसे ऊंची चोटी है। इसका निर्माण कई चरणों में हुआ था जिसका पहला चरण 2.5 अरब वर्ष पूर्व का माना जाता है। दिल्ली के आगे अरावली की एक अस्पष्ट शाखा हरिद्वार तक गई है जो गंगा और सिंधु के अपवाह तंत्र को अलग करती है।

7. मेगेलिसबर्ग पर्वतश्रेणी

दक्षिण अफ्रीका के उत्तर में स्थित यह पर्वत शृंखला क़रीब 2 अरब वर्ष पुरानी है। इसका सर्वोच्च बिंदु समुद्र तल से 1852 मीटर ऊंचा है। वर्ष 2015 में इस पर्वत और आसपास की वन सम्पदा को वर्ल्ड बायोस्फेयर रिज़र्व घोषित किया गया। पर्वत के शीर्ष तक पहुंचने के लिए हार्टबीस्पूर्ट डैम से एक केबल कार यहां लगाई गई है जो 1.2 किमी लम्बी है।

8. ब्लू रिज पर्वतशृंखला

550 मील लम्बी यह पर्वतश्रेणी 120 करोड़ वर्ष प्राचीन है। अमेरिका में स्थित ये शृंखला दूर से नीली चादर ओढ़े दिखाई पड़ती है, यही कारण है कि इनका नाम ब्लू रिज पड़ गया है। इस पर्वतमाला के 125 शिखरों की ऊंचाई 1500 मीटर से ज़्यादा व 39 चोटियों की ऊंचाई 1800 मीटर से अधिक है। इसकी सबसे ऊंची चोटी मिशेल पर्वत (2037 मीटर) है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ