Header Ads Widget

Responsive Advertisement

दिग्विजय रामधुन करने रामेश्वर के घर आज जाएंगे:युवा सदन भगवा रंग में सजकर तैयार; रामेश्वर शर्मा बोले- सभी राम भक्तों का तन-मन से स्वागत करेंगे

 

युवा सदन पर तैयार स्वागत द्वार। - Dainik Bhaskar
युवा सदन पर तैयार स्वागत द्वार।

राजधानी में भाजपा और कांग्रेस नेताओं का 'घुटना तोड़ने' से शुरू हुई राजनीति के बाद आज बुधवार को रामधुन पर आमना-सामना होगा। दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेताओं के साथ मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से हुजूर सीट से विधायक और प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा के घर रामधुन करने सुबह 11 बजे जाएंगे।

उधर रामेश्वर शर्मा ने भी रामधुन करने के लिए अपने निवास युवा सदन को भगवा रंग से सजाया है। यहां झंडे, टेंट और स्वागत द्वार बनाया गया है। दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए तैयार द्वार पर रामधुन और जय श्री राम के नारे के साथ ही भगवान राम का चित्र है। रामधुन करने वाले रामभक्तों के लिए प्रसाद में हलवा, पूड़ी और सब्जी के प्रसाद का भी इंतजाम किया गया है।

विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित सभी रामभक्तों का स्वागत करने के लिए आतुर हैं। पूरे तन मन से सभी का स्वागत करेंगे। शर्मा ने कहा कि हम उन सभी राम भक्तों का स्वागत करते हैं, जो मेरे दरवाजे पर भगवान श्री राम को याद करने के उद्देश्य से आ रहे है। मेरे दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं और मुझसे श्री राम भक्ति को लेकर जो भी करते बनेगा मैं उनके लिए करूंगा। मैं उनके स्वागत के लिए अपने कार्यकर्ताओं और मित्रों के साथ सुबह से ही तैयार हूं। सभी राम भक्तों का स्वागत है।

यहां से शुरू हुआ विवाद

बता दें पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक रामेश्वर शर्मा का कुछ दिन पहले एक वीडियो सामने आया था। हुजूर विधानसभा के कटखेड़ा गांव की जनता को संबोधित करते हुए रामेश्वर शर्मा वीडियो में कहते सुने गए कि यदि कोई कांग्रेस का आदमी आए तो उसके घुटने तोड़ दो। इस दौरान उन्होंने दिग्विजय सिंह का भी नाम लिया था। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर रामेश्वर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह 24 नवंबर काे गांधी प्रतिमा के दर्शन कर रामेश्वर शर्मा के घर रामधुन करने जाएंगे, जिसमें दम हो वह मेरे घुटने तोड़ दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ