Header Ads Widget

Responsive Advertisement

अनूठी पहल:कॉलेज छात्रों को पौधा लगाने पर ही मिलेगी डिग्री; 11 लाख में से यदि आधे ने भी लगाए तो प्रदेश में 5 लाख से ज्यादा पौधरोपण हो जाएगा

 

कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को अब कम से कम एक पौधा लगाना होगा, तभी उन्हें डिग्री दी जाएगी। छात्रों को पर्यावरण से जोड़ने के लिए उच्च शिक्षा विभाग यह अनूठी पहल शुरू करने जा रहा है। छात्र को पौधा लगाने के बाद उसकी सेल्फी लेकर संंबंधित लिंक पर भेजना होगी। पौधे की देखरेख भी करनी होगी। यह पहल इसलिए की जा रही है, ताकि छात्राें का पर्यावरण से जुड़ाव रहे और वे पेड़-पौधाें के महत्व को समझें। इससे वे पौधों की देखरेख भी करने लगेंगे। पेड़ों को कटने से बचाएंगे और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करेंगे।

पर्यावरणीय दृष्टि से ऐसा कदम पहली बार उठाया जा रहा है
अब तक छात्रों को ऐसा कोई टास्क नहीं दिया जाता जो सामाजिक रूप से जुड़ा हुआ हो, लेकिन पर्यावरणीय दृष्टि से इस तरह का कदम पहली बार उठाया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मल्टी एंट्री और एग्जिट का प्रावधान किया गया है। छात्रों को पढ़ने के दौरान अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

11 लाख से ज्यादा छात्र हैं
यूजी-पीजी को मिलाकर प्रदेश में 11 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं हैं। ऐसे में यदि आधे छात्रों ने भी पौधे रोपे तो 5 लाख से ज्यादा पौधरोपण हो सकेगा। इसके लिए विभाग मॉड्यूल तैयार कर रहा है। इसके तहत कॉलेजों को इससे जोड़ा जाएगा।

छात्रों को जागरूक करना है
कम से कम एक पौधा लगाने के बाद ही छात्र को डिग्री मिलेगी। इसके लिए मॉड्यूल तैयार किया जा रहा है। कॉलेज प्राचार्यों को भी जानकारी दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि छात्र पर्यावरण के प्रति जागरूक रहें। -मोहन यादव, मंत्री, उच्च शिक्षा

एक हजार छात्र संख्या वाले सरकारी कॉलेजों को एक गांव लेना होगा गोद
प्रदेश के सरकारी काॅलेजों को उनके क्षेत्र के आसपास का एक गांव गोद लेना होगा। इसकी मुख्य वजह यह है कि छात्र यहां समय-समय पर जाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य समाजिकहित की गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। जिस काॅलेज में छात्रों की संख्या एक हजार है, उसे एक यूनिट माना जाएगा और उसे कम से कम एक गांव गोद लेना होगा।

यदि छात्र संख्या 5 हजार है तो ऐसे प्रयास किए जाएंगे कि कॉलेज 4-5 गांवों को गोद ले। उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने बताया कि छात्रों के प्रोजक्ट वर्क आदि में भी इसे शामिल करेंगे। वे वहां जाएंगे और गांव की बेहतरी के लिए काम करेंगे।

प्लान बनाकर काम करेंगे
मंत्री यादव ने बताया कि कॉलेज जिस कॉलेज को गोद लेंगे वहां विभिन्न मुद्दों पर जागरुकता पैदा करने के साथ ही आदर्श ग्राम बनाने के लिए भी काम करेंगे, ताकि आसपास के ग्रामीण भी उनके गांव की बेहतरी के लिए प्रेरित हों।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ