Header Ads Widget

Responsive Advertisement

बेजुबान असुरक्षित:हथियार लेकर कार से जंगल में शिकार के लिए घूम रहे थे, घेराबंदी की तो तीन भागे, दो पकड़ाए

 

  • सिमरोल से उदय नगर के बीच घुड़िया वन क्षेत्र में वन अमले ने की कार्रवाई

वन विभाग के अमले ने सिमरोल से उदय नगर के बीच घुड़िया वन क्षेत्र में शिकार करने गए पांच में से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार में पांच लोग जंगल में घूम रहे थे। बीट के कर्मचारियों ने उन्हें रोकना चाहा तो वे गाड़ी को तेज दौड़ाने लगे। वन विभाग ने घेराबंदी कर इन्हें रोका तो तीन लोग भाग गए। विभाग ने विष्णु, रामचरण को पकड़ लिया। इनके साथी राजेंद्र, रमेश व एक अन्य भाग गए। मंगलवार को इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। वहां से इन्हें दो दिन के रिमांड पर दिया गया। वन विभाग का टाइगर स्ट्राइक फोर्स अब इस मामले की जांच करेगा।

एसडीओ एके श्रीवास्तव के मुताबिक गाड़ी की तलाशी में छर्रे, बारूद, लैड के टुकड़े, छुरे बरामद किए गए। जो सामान जब्त हुआ है वह सब शिकार में ही इस्तेमाल किया जाता है। शिकार भले ही नहीं किया, लेकिन यह सब सामग्री जंगल में घूमते हुए पकड़ना शिकार करने के बराबर भी है। सभी आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी। जिन्हें गिरफ्तार किया है उनके पास बंदूक भी थी। इसकी भी शिनाख्त कराई जाएगी।

मुंबई की फ्लाइट में चिकारा के सींग लेकर जा रहा था, कोर्ट में पेश किया तो जेल भेजा
एसडीओ के मुताबिक सोमवार को मुंबई की फ्लाइट में उज्जैन का रहने वाला करण नामक व्यक्ति चिकारा के सींग लेकर जा रहा था। उसके सामान को स्कैन किया तो उसमें सींग मिले। सीआईएसएफ ने मामला वन विभाग को सौंपा। करण ने बताया कि फिल्म शूटिंग में इसका इस्तेमाल होता था। सींग बरसों पुराने हैं। घर में रखे हुए थे। उन्हें मुंबई लेकर जा रहा था। मंगलवार को करण को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि इंदौर वन मंडल में शिकारियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। आए दिन किसी न किसी बन क्षेत्र में शिकारी पकड़ा रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ