- आरक्षण का मामला फंसे होने से राज्य सरकार ने प्रभारी पदोन्नत का निकाला है रास्ता
- मानस भवन में एक साथ सभी प्रधान आरक्षक व आरक्षकों को पदोन्नत के साथ दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण
आरक्षण का मामला फंसे होने की वजह से प्रभारी पदोन्नत का रास्ता निकलने के बाद 493 पुलिस कर्मियों के कंधे पर तीन फीती और सितारे लगे। हालांकि इसमें से चार आरक्षक और छह प्रधान आरक्षक ने पदोन्नत लेने से मना कर दिया है। इस संबंध में सभी ने स्थापना में आवेदन दिया है। किसी ने उम्र का हवाला दिया तो किसी ने शारीरिक रूप से सक्षम न होने का कारण बताया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो ऐसी संख्या 40 तक पहुंच सकती है।
बहरहाल पदोन्नत की वर्षों से राह देख रहे अधिकतर पुलिस कर्मियों में खुशी की लहर है। पदोन्नत पाने वाले पुलिस कर्मी वेतन पहले से पा रहे हैं। अब प्रभारी पदोन्नत मिलने से आगे की जिम्मेदारी भी निभा पाएंगे। जिला पुलिस को भी 219 नए विवेचक प्राप्त हो जाएंगे। विवेचक न होने से कई थानों में लंबित प्रकरणों की संख्या बढ़ती जा रही है। हर महीने प्रधान आरक्षक व एएसआई के पद पर कार्यरत लोग रिटायर हो रहे हैं। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने प्रधान आरक्षक संजय मिंश्रा के कंधे पर सितारा लगाकर पदोन्नत की बधाई दी।
आईजी व एसपी ने दी बधाई
मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में एक साथ आरक्षक से प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत हुए 274 आरक्षकों के कंधे पर जहां तीन फीती लगाई गई। वहीं प्रधान आरक्षक से एएसआई बने 219 पुलिस कर्मियों के कंधे पर सितारे लगाए गए। आईजी भगवत सिंह चौहान और एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सभी को बधाई देते हुए अपनी नई भूमिका का निष्पक्ष निर्वहन की सीख दी।
पदोन्नत जीवन का महत्वपूर्ण क्षण होता है: आईजी
आईजी भगवत सिंह चौहान ने कहा कि जीवन में पदोन्नत महत्वपूर्ण क्षण होता है। साथ ही एक नई जिम्मेदारी का अहसास भी कराती है। समय के साथ पुलिसिंग की चुनौतियां बढ़ी हैं। कानून में नए संशोधन हुए हैं। उसकी भी हमे जानकारी रखनी होगी। सायबर क्राइम, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी कानून में कई बदलाव को समझना होगा। तभी हम फरियादी की शिकायत पर त्वरित मदद पहुंचा पाएंगे।
सायबर क्राइम एक बड़ी चुनौती: एसपी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सायबर क्राइम एक बड़ी चुनौती है। इसके बारे में जानना होगा। थाने में आने वाले फरियादी बड़ी उम्मीद लेकर आते हैं। यदि उसकी बात सिर्फ तन्मयता से सुन भर लें तो काफी कुछ उसे राहत मिल जाती है। नई जिम्मेदारी के साथ अपने व्यवहार को और सौम्य बना लें। फिर आगे कभी काई कठिनाई नहीं होगी। पदोन्नत पाए कर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन रखा गया है। रिटायर्ड डीआईजी मनोहर वर्मा, सीएसपी हरिओम शर्मा व अखिल वर्मा ने कानून की बारीकियां बताईं और पुलिसिंग के बारे में बताया।
पदनाम | स्वीकृत बल | पदस्थापना | रिक्त बल |
एसपी | 01 | 01 | 00 |
एएसपी | 05 | 05 | 00 |
डीएसपी/सीएसपी | 21 | 20 | 01 |
रक्षित निरीक्षक | 01 | 01 | 00 |
टीआई | 54 | 41 | 13 |
एसआई | 260 | 217 | 43 |
सूबेदार | 15 | 15 | 00 |
एएसआई | 429 | 222 | 207 |
प्रधान आरक्षक | 793 | 504 | 289 |
आरक्षक | 2426 | 2425 | 01 |
रिटायर्ड डीआईजी मनोहर वर्मा, सीएसपी हरिओम शर्मा व अखिल वर्मा ने कानून की बारीकियां बताईं।
0 टिप्पणियाँ