Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को कोलकाता नाइटराइडर्स पर 49 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की


 Rohit Sharma की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की मदद से मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को कोलकाता नाइटराइडर्स पर 49 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की। मुंबई इंडियंस ने Rohit Sharma के 80 रनों की मदद से 5 विकेट पर 195 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई के गेंदबाजों ने कोलकाता को 9 विकेट पर 146 रनों पर रोक लिया। यह मुंबई की दो मैचों में पहली जीत है। कोलकाता को अपने पहले ही मैच में हार झेलनी पड़ी। मुंबई ने इसी के साथ यूएई में हार के सिलसिले को तोड़ते हुए सातवें मैच में पहली जीत दर्ज की। मुंबई इस जीत के साथ अंक तालिका में पहले क्रम पर पहुंच गई।


196 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए कोलकाता को ठोस शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। शुभमन गिल मात्र 7 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट के शिकार बने तो जेम्स पैटिंसन ने सुनील नरेन (9) को चलता किया। कप्तान दिनेश कार्तिक अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन राहुल चाहर की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में वे एलबीडब्ल्यू हो गए। उन्होंने 30 रन बनाए। नीतिश राणा 24 रन बनाकर किरोन पोलार्ड के शिकार बने।


अब कोलकाता की सारी उम्मीदें आंद्रे रसेल पर टिक गई थी, लेकिन जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में रसेल और इयोन मॉर्गन को आउट कर मैच में अपनी टीम का पलड़ा भारी कर दिया। बुमराह ने रसेल (11) को बोल्ड किया और फिर मार्गन (16) को विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच कराया। इसके बाद पैट कमिंस 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 33 रन बनाकर जेम्स पैटिंसन के शिकार बने।


टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही जब क्विंटन डी कॉक मात्र 1 रन बनाकर शिवम मावी के शिकार बने। उन्होंने निखिल नाइक को कैच थमाया। इसके बाद उतरे सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने रोहित के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की। वे दुर्भाग्यशाली रहे और 47 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने 28 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्का लगाया। रोहित ने संयमपूर्वक बल्लेबाजी कर 39 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से अर्द्धशतक पूरा किया।


सौरभ तिवारी 21 रन बनाकर सुनील नरेन के शिकार बने। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए रोहित के साथ 49 रन जोड़े। रोहित की अर्द्धशतकीय पारी का अंत शिवम मावी ने किया। रोहित 54 गेंदों में 3 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 80 रन बनाकर पैट कमिंस को कैच थमाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर आंद्रे रसेल की गेंद पर हिट विकेट हुए। किरोन पोलार्ड 13 और कृणाल पांड्या 1 रन बनाकर नाबाद रहे।


कोलकाता नाइटराइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। Rohit Sharma की मुंबई टीम की निगाहें संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हार के सिलसिले को तोड़ने पर टिकी रहेगी। मुंबई टीम यूएई में लगातार 6 मैच हार चुकी है, दूसरी तरफ Dinesh Karthik की कोलकाता टीम आज मुंबई की इस कमजोरी का लाभ उठाकर उसके खिलाफ अपने रिकॉर्ड को सुधारने का प्रयास करेगी। मुंबई इंडियंस के किरोन पोलार्ड का यह 150वां आईपीएल मैच है। मुंबई ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।


मुंबई इंडियंस को IPL 2020 के पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई टीम यूएई में अपने सभी 6 मैच हार चुकी है। उसे यूएई में साल 2014 में सभी 5 मैचों में हार मिली थी। इसके चलते Rohit Sharma का पहला लक्ष्य अपनी टीम को इस देश में पहली जीत दिलाने का रहेगा। पहला मैच हारने के बावजूद मुंबई ने कोई बदलाव नहीं किया।


आईपीएल में यदि मुंबई और कोलकाता के बीच हुए मैचों की बात की जाए तो मुंबई का रिकॉर्ड शानदार रहा है। इनके बीच हुए 25 मैचों में से मुंबई ने 19 मैच और कोलकाता ने 6 मैच जीते हैं। साल 2014 में यूएई में इन दोनों टीमों के बीच अबू धाबी में एक मैच खेला गया था, उसमें KKR विजयी हुआ था।


KKR टीम यूएई में मुंबई के खराब रिकॉर्ड का फायदा उठाते हुए जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेगी। दिनेश कार्तिक के लिए उनके चारों शीर्ष विदेशी खिलाड़ी आंद्रे रसेल, इयोन मॉर्गन, पैट कमिंस और सुनील नरेन उपलब्ध रहेंगे। भारतीय फैंस की निगाहें युवा शुभमन गिल पर टिकी रहेंगी।



टीमें - कोलकाता नाइटराइडर्स : शुभमन गिल, सुनील नरेन, नीतिश राणा, इयोन मॉर्गन, दिनेश कार्तिक (कप्तान), आंद्रे रसेल, निखिल नाइक, पैट कमिंस, कुलदीप यादव, संदीव वॉरियर, शिवम मावी।


मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, किरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या, कृणाल पांड्या, जेम्स पैटिंसन, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ