Header Ads Widget

Responsive Advertisement

फरसा लेकर चलेंगी 1 हजार महिलाएं:परशुराम शोभायात्रा का परंपरागत रूट बदला, शाम 6 बजे बड़ा गणपति से निकलेगी

मंगलवार को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर इंदौर में परंपरागत परशुराम शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शाम 6 बजे बड़ा गणपति चौराहे से शुरू होकर मरीमाता स्थित परशुराम वाटिका जाएगी। जहां यात्रा का समापन होगा। यात्रा 1 हजार परिवारों के सहयोग से निकाली जा रही है। शोभायात्रा में 1 हजार महिलाएं साफा बांधकर और हाथ में फरसा लेकर आगे चलेंगी।

यह यात्रा सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में सर्व ब्राह्मण युवा परिषद द्वारा आयोजित की जा रही है। मंगलवार को ईद-उल-फितर का पर्व भी है। दोनों ही पर्व के चलते पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है।

1 हजार महिलाएं एक जैसी वेशभूषा में
इस यात्रा का नेतृत्व समाज की महिलाएं करेंगी। इसमें करीब एक हजार से ज्यादा महिलाएं एक जैसी वेशभूषा में ब्राह्मण एकता का संदेश देते हुए चलेंगी। समाज की युवतियां साफा बांधकर और हाथ में फरसा लेकर चलेंगी। बैंड, भजन मंडलियां भी शामिल रहेंगी।

मुख्य आकर्षण भगवान परशुराम का भव्य रथ रहेगा। यात्रा मार्ग पर 100 मंचों से स्वागत किया जाएगा। यात्रा में विभिन्न ब्राह्मण वर्ग, उपवर्ग के समाजजन शामिल होंगे। यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से ब्राह्मण समाजजन शामिल होने आएंगे। वर्ष 2010 से सर्व ब्राह्मण समाज के 1 हजार परिवारों से दो-दो सौ रुपए का सहयोग लेकर शोभायात्रा निकाली जाती है। अब तक 800 से 900 के बीच सहयोगी बनाए जाते थे। इस बार पूरे 1 हजार परिवारों से सहयोग यात्रा में मिला है।

यात्रा मार्ग में हुआ परिवर्तन
युवा परिषद के संस्थापक पं. विकास अवस्थी और शोभायात्रा संयोजक पं. संजय मिश्रा के मुताबिक यात्रा पहले बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक निकाली जाती थी, इस बार स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के चलते मार्ग में परिवर्तन किया गया और वरिष्ठजनों की सलाह से यात्रा मार्ग में परिवर्तन किया। अब यात्रा बड़ा गणपति चौराहे से जनता कॉलोनी होते हुए जिंसी चौराहे से टर्न लेते हुए शंकरगंज से रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से गुटकेश्वर मंदिर के सामने से होते हुए पुलिस पेट्रोल पंप से मरीमाता चौराहा होते हुए परशुराम वाटिका पहुंचेगी। यहां भगवान परशुराम की प्रतिमा का पूजन व महाआरती के साथ यात्रा संपन्न होगी।

यह भी है यात्रा में खास
- यात्रा में वनवासी क्षेत्रों की आदिवासी टोली भी इसमें शामिल होगी।
- देशभर में 1 लाख परशुराम प्रतिमाएं वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इसकी डिजाइन नई टेक्नोलॉजी से तैयार की है।

पुलिस के कड़े इंतजाम, एसएएफ व आरपीएफ का एक्स्ट्रा फोर्स
एक दिन ही दिन में अक्षय तृतीया व ईद का त्यौहार होने से सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। ईदगाहों व बाजारों में पुलिस का माकूल इंतजाम रहेगा। खास स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रहेगी। पुलिस की गाडियां लगातार पेट्रोलिंग करेगी। जिले में कुल 6 हजार पुलिसकर्मियों का बल है। इसके अलावा एसएएफ के 500 जवानों का बल रहेगा। ऐेसे ही आरपीएफ की तीन टुकड़ियां खजराना, चंदन नगर व आजाद नगर में सक्रिय रहेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ